सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सहित स्टेशनों एवं डिपो कार्यालयों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने गांधी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। मंडल कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) पंकज त्यागी ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश बघेल व अभिराम खरे, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया सहित सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने गांधी जी को नमन किया।


अपने संबोधन में डीआरएम त्यागी ने गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को याद करते हुए कहा कि स्वच्छता पखवाड़े भर चलाए गए अभियान को सफल बनाने में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा है। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया और स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के बाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में स्वच्छता श्रमदान किया गया। इस श्रमदान में डीआरएम, अपर मंडल रेल प्रबंधक, समस्त शाखा अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने परिसर के विभिन्न स्थलों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसी क्रम में भोपाल रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों—नर्मदापुरम, मंडीदीप, औबेदुल्लागंज, इटारसी और विदिशा सहित अन्य स्थानों पर भी स्वच्छता पखवाड़े और विशेष अभियान 5.0 के अंतर्गत स्वच्छता कार्य किए गए। महात्मा गांधी जयंती पर पूरे मंडल में स्वच्छता अभियान, गहन सफाई और वृक्षारोपण जैसे पर्यावरण हितैषी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें रेल अधिकारियों व कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

#गांधीजयंती #भोपालरेलमंडल #स्वच्छता #स्वच्छभारत #रेलसफाई