सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय रेलवे के इतिहास में पहली बार जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा अखिल भारतीय रेलवे जनसंपर्क सेमिनार का भव्य आयोजन कोटा के मेनाल रेलवे ऑफिसर्स क्लब में किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रेलवे जनसंपर्क कैडर की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इसे सरकार और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बिरला के स्वागत और दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक, कोटा श्री अनिल कालरा सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल रहे। सेमिनार में एक संक्षिप्त वीडियो के माध्यम से जनसंपर्क विभाग की बहुआयामी भूमिका को प्रस्तुत किया गया। वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी श्री कमल जोशी ने विभाग की कार्यप्रणाली, संरचना और चुनौतियों की विस्तृत जानकारी दी।
अपने संबोधन में ओम बिरला ने विभाग की सराहना करते हुए इसके सशक्तिकरण का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया गया और धन्यवाद ज्ञापन के साथ उद्घाटन सत्र का समापन हुआ।
इसके पश्चात आयोजित तकनीकी सत्र में देशभर से आए जनसंपर्क अधिकारियों और प्रचार निरीक्षकों ने विचार-विमर्श किया। सत्र में कैडर के पुनर्गठन, कार्यक्षमता और भविष्य की दिशा को लेकर व्यावहारिक सुझाव साझा किए गए। इस ऐतिहासिक सेमिनार में कोटा मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी संगठन, मीडिया प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह आयोजन विभागीय एकजुटता और नीतिगत संवाद की दिशा में मील का पत्थर साबित हुआ।

#रेलवेजनसंपर्क #कोटा #अखिलभारतीयरैलवेसेमिनार #जनसंपर्कविभाग #ओमबिरला #रेलवेखबर