सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क ने एक बार फिर अमेरिका के बढ़ते कर्ज संकट पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी संसद देश को दिवालिया बना रही है। मस्क के मुताबिक, सरकार की कमाई का लगभग 25% हिस्सा केवल कर्ज के ब्याज में चला जाता है। अगर यही स्थिति बनी रही तो भविष्य में सरकार के पास सामाजिक सुरक्षा, रक्षा और स्वास्थ्य जैसे जरूरी क्षेत्रों में खर्च करने के लिए पैसे नहीं बचेंगे।
मस्क ने “वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट” जैसे भारी भरकम बजट विधेयकों की आलोचना करते हुए इन्हें अमेरिका की आर्थिक सेहत के लिए खतरा बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के बिल फिजूलखर्ची को बढ़ावा देते हैं और बजट घाटे को असहनीय स्तर तक ले जाते हैं।
जानकारी के अनुसार, अमेरिका का कुल कर्ज 36.9 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है और हर साल ब्याज के रूप में 1.2 ट्रिलियन डॉलर का भुगतान करना पड़ता है। यह रकम अमेरिका के डिफेंस बजट से भी अधिक है।
विशेषज्ञों के अनुसार, अगर यही रफ्तार जारी रही तो अगले 10 वर्षों में यह कर्ज 50-55 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है। इस आर्थिक असंतुलन से न केवल घरेलू योजनाएं प्रभावित होंगी बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ेगा।
मस्क ने यह भी चेतावनी दी कि अगर देश की आर्थिक नीतियां नहीं बदलीं, तो जनता को इसका भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
#एलन_मस्क #अमेरिकी_संसद #दिवालियापन #बजट_विवाद #ट्रंप_सरकार #आर्थिक_नीति