सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध धार्मिक सम्मेलन “इज्तिमा” के दौरान संभावित यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए भोपाल मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी द्वारा भोपाल स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम त्यागी के साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेन्द्र बघेल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया, वरिष्ठ मंडल अभियंता(समन्वय) रामेन्द्र पाण्डेय, सहायक वाणिज्य प्रवन्धक नवल अग्रवाल, स्टेशन निदेशक बी. एल. मीना, आरपीएफ व जीआरपी निरीक्षक, सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।


निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफार्मों, यात्री प्रतीक्षालयों, टिकट काउंटरों, प्लेटफ़ॉर्म संख्या 6 की तरफ होल्डिंग एरिया, पार्किंग स्थलों, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा प्रबंधों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि इज्तिमा के दौरान स्टेशन परिसर में यात्रियों के निर्बाध आवागमन, ठहराव और सुरक्षा के लिए सभी व्यवस्थाएँ समयपूर्व पूरी की जाएँ।
इसके पश्चात् डीआरएम पंकज त्यागी ने इज्तिमा आयोजन समिति के सदस्यों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की। समिति के प्रतिनिधियों ने भीड़ नियंत्रण, यात्रियों की आवाजाही, पार्किंग क्षेत्र, सूचना प्रसारण, ट्रेन समय-सारणी एवं सहयोगात्मक समन्वय के विषय में अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
मंडल रेल प्रबंधक ने यह भी कहा कि सभी विभागों के अधिकारी सतत रूप से इज्तिमा अवधि में ड्यूटी पर रहेंगे तथा स्टेशन पर नियंत्रण कक्ष से भीड़ प्रबंधन की निगरानी की जाएगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि इज्तिमा अवधि में रेलवे का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करना है। इसके लिए स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, टिकट चेकिंग स्टाफ, रेल सुरक्षा बल एवं वाणिज्य कर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई जा रही है।

#डीआरएमपंकजत्यागी #भोपालस्टेशन #इज्तिमा #रेलवेनिरीक्षण #मध्यप्रदेशसमाचार