सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पिछले एक दशक से भारतीय ज्ञान परंपरा, जनजातीय एवं लोक संस्कृति, मानविकी तथा सामाजिक विज्ञान में शोध के लिये समर्पित दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान के प्रभाग दत्तोपंत ठेंगड़ी इंस्टीट्यूट ऑफ कल्चरल स्टडीज को भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने इंडियन नॉलेज सेंटर के रूप में मान्यता प्रदान की है। इस प्रभाग को भारतीय ज्ञान परम्परा पर शोध हेतु केंद्र के रूप में यह मान्यता दी गई है।
यह जानकारी देते हुए संस्थान के निदेशक डॉ मुकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि संस्थान ने भारत सरकार को एक प्रस्ताव दिया था। मंत्रालय ने परीक्षण के बाद इस प्रस्ताव को मान्य किया है और देश के 20 चयनित संस्थाओं के साथ इसे शोध केंद्र के रूप में मान्यता प्रदान की है।
उल्लेखनीय है कि दत्तोपंत ठेंगड़ी इंस्टीट्यूट ऑफ कल्चरल स्टडीज भारतीय ज्ञान प्रणालियों एवं सांस्कृतिक अध्ययन के सुदृढ़, संस्थागत एवं अंतर्विषयी विस्तार के लिए प्रयासरत है। देश के प्रसिद्ध अकादमिक विद्वान इस संस्थान से जुड़े हुए हैं।
बता दे कि संस्थान भारत के पुनरुत्थान के लिए शोध पर केंद्रित राष्ट्रीय शोधार्थी समागम का आयोजन कर रहा है। हाल ही में इस समागम में 25 राज्यों के शिक्षाविदों ने भागीदारी की थी।
उच्च स्तरीय बहुविषयक अध्ययनों के माध्यम से संस्थान भारतीय ज्ञान पद्धति के पुनरुत्थान एवं समकालीन परिप्रेक्ष्य में उसके पुनर्स्थापन हेतु भी कार्य कर रहा है। यह सामाजिक विज्ञान, मानविकी, भाषा एवं संस्कृति के साथ-साथ स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों में सैद्धांतिक एवं अनुप्रयुक्त अनुसंधान को प्रोत्साहित करता है। साथ ही, नीति निर्माण की प्रक्रियाओं में बौद्धिक सहयोग, विकासात्मक प्रवृत्तियों का विश्लेषण तथा परिणामोन्मुख शोध के माध्यम से सामाजिक-आर्थिक विकास को गति प्रदान करने में भी सक्रिय भूमिका निभाता है।

#दत्तोपंत_ठेंगड़ी_संस्थान #आईकेएस_सेंटर #भारतीय_ज्ञान_परंपरा #अनुसंधान #संस्कृति_और_शिक्षा