ITDC India e-Press / Agencies

:

दिवाली के त्योहार पर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर साइबर ठगी का नया तरीका सामने आया है। साइबर अपराधी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्रियों के फर्जी वीडियो बनाकर लोगों को भेज रहे हैं। इन वीडियो में सरकारी सहायता, दिवाली बोनस और विशेष आर्थिक लाभ मिलने का दावा किया जाता है। इसके बाद योजना का लाभ दिलाने या पंजीकरण कराने के नाम पर लोगों से पैसे मांगे जा रहे हैं।

इस तरह की धोखाधड़ी को लेकर भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क किया है। ठग सरकारी योजनाओं की आड़ लेकर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश कर रहे हैं। सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किए जा रहे फर्जी वीडियो और संदेशों के जरिए लोगों को संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या भुगतान करने के लिए उकसाया जा रहा है।

एडवाइजरी के मद्देनजर लोगों को सलाह दी गई है कि सरकारी योजनाओं से जुड़ी किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित सरकारी विभाग से करें। प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री के नाम और तस्वीर वाले वीडियो को बिना जांचे सही न मानें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी साझा करने या लाभ पाने के लिए पैसे भेजने से बचें।

त्योहारी सीजन में मुफ्त सहायता और आर्थिक लाभ का लालच देकर की जा रही ठगी से बचने के लिए सतर्कता जरूरी है।


Hashtags: #ChhattisgarhState #Bhopal #दिवाली #लाभ #नाम #साइबर #ठगी #पीएम #सीएम #दिवालीलाभकेनाम