सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, बहनों और युवाओं के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की समृद्धि का आधार ग्रामीण विकास है, इसलिए गांवों को स्वावलंबन और विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार गोपालन को प्रोत्साहित कर रही है तथा अनेक किसान हितैषी निर्णय लागू किए गए हैं। किसानों को भावांतर योजना के माध्यम से फसलों का उचित मूल्य प्रदान किया जा रहा है और हर खेत तक पानी पहुँचाने का संकल्प सरकार ने लिया है।


मुख्यमंत्री ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत राज्य में जल संरक्षण और जल स्त्रोतों के संरक्षण के बड़े कार्य किए गए हैं। हर ग्राम पंचायत में एक आदर्श ‘वृंदावन ग्राम’ विकसित करने का लक्ष्य भी रखा गया है। उन्होंने कहा कि शमशाबाद का कागपुर जनसहयोग से उत्कृष्ट ग्राम के रूप में विकसित हुआ है, जहाँ 128 दुकानों वाला नया हाट बाजार तैयार किया गया है, जो आसपास के क्षेत्रों के लिए व्यापारिक केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री ने कागपुर में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार हेतु म.प्र. टूरिज्म बोर्ड के माध्यम से वॉटर पार्क निर्माण की भी घोषणा की।


डॉ. यादव ने कहा कि केन-बेतवा परियोजना के लागू होने से विदिशा जिले में सिंचाई की कोई कमी नहीं रहेगी। राज्य सरकार वर्ष 2026 तक सभी ग्राम पंचायतों में श्मशान घाट, सड़कें और अन्य आवश्यक सुविधाएँ पूर्ण करने के लिए कार्य कर रही है। सांदीपनि विद्यालय शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, वहीं डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना गोपालन को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, बिजली, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास की गति लगातार जारी रहेगी।
कागपुर में आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत 5.75 करोड़ रुपये लागत के हाट बाजार का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने 2 लाभार्थियों को दुकानों की चाबियाँ सौंपी और जिले में 34 करोड़ की लागत से 135 नए सामुदायिक भवनों का भूमि-पूजन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास की गतिविधियों को निरंतर गति दे रही है और किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कागपुर बगिया में आम का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लाड़ली बहनों, लखपति दीदीयों और पशुपालकों से संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल ने बताया कि प्रदेश में पहली बार तीन मंजिला पंचायत भवनों का निर्माण शुरू हुआ है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

#मुख्यमंत्रीयादव #कागपुरविकास #विकासकार्य #मध्यप्रदेशसमाचार #इंफ्रास्ट्रक्चरडेवलपमेंट #सरकारीपरियोजनाएँ