सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शहडोल जिले के ग्राम विचारपुर की ‘मिनी ब्राजील’ फुटबॉल टीम के खिलाड़ियों एवं कज़ाकिस्तान में आयोजित 16वीं एशियन शूटिंग चैम्पियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षण न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उनके प्रयासों और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विचारपुर की फुटबॉल टीम और शूटिंग चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी प्रदेश की असाधारण खेल प्रतिभा का परिचायक हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे अपने कौशल और समर्पण से देश और प्रदेश का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन करें।


इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह एवं संचालक राकेश गुप्ता उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं के विकास और उनके अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रशिक्षण हेतु चयनित फुटबॉल खिलाड़ी और प्रशिक्षक विश्वस्तरीय प्रशिक्षण के इस विशेष अवसर के लिए विचारपुर से कुल पाँच खिलाड़ी और एक महिला प्रशिक्षक का चयन किया गया है। इनमें – सुश्री लक्ष्मी साहसी (प्रशिक्षक, 31 वर्ष) सानिया कुशवाहा (खिलाड़ी, 14 वर्ष) सुजनी कोल (खिलाड़ी, 15 वर्ष) प्रीतम कुमार (खिलाड़ी, 14 वर्ष) वीरेंद्र बैगा (खिलाड़ी, 16 वर्ष) मनीष घसिया (खिलाड़ी, 16 वर्ष) प्रधानमंत्री के उल्लेख से मिली वैश्विक पहचान विचारपुर की फुटबॉल टीम को यह पहचान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 30 जुलाई 2023 को मन की बात कार्यक्रम में मिली थी। प्रधानमंत्री ने विचारपुर को ‘मिनी ब्राजील’ के रूप में उल्लेखित किया था। इसके बाद जर्मनी के प्रतिष्ठित फुटबॉल क्लब एफसी इंगोलस्टेड 04 ने विचारपुर के पाँच खिलाड़ियों और एक प्रशिक्षक को 4 से 12 अक्टूबर 2025 तक प्रशिक्षण का अवसर प्रदान किया है। एशियन शूटिंग चैम्पियनशिप पदक विजेताओं का सम्मान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कज़ाकिस्तान में हुई 16वीं एशियन शूटिंग चैम्पियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों से भी भेंट कर संवाद किया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 17 पदक अर्जित किए। मुख्यमंत्री ने सभी विजेताओं को 10.81 लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं* मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी अब केवल मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश की पहचान बन रहे हैं। उन्होंने चयनित फुटबॉल खिलाड़ियों और प्रशिक्षक सहित शूटिंग चैम्पियनशिप के विजेताओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि यह उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेंगी।

#मुख्यमंत्रीयादव #खेलप्रतिभा #विश्वस्तरखेल #विचारपुरटीम #भोपाल