सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल /लुधियाना : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को लुधियाना स्थित वर्धमान औद्योगिक परिसर का दौरा किया और वहां के प्रमुख उद्योगपतियों से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने मध्यप्रदेश में उद्योग और निवेश की संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को हर आवश्यक सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “हम जहां भी संभावनाएं देखते हैं, वहां जरूरत हो तो नियमों को भी निवेशकों के हित में बदलने से पीछे नहीं हटते। हमारा उद्देश्य है कि राज्य में उद्योगों को अनुकूल वातावरण मिले और युवाओं को अधिकाधिक रोजगार के अवसर प्राप्त हों।”
डॉ. यादव ने लुधियाना के वर्धमान समूह सहित अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों को आमंत्रित किया कि वे मध्यप्रदेश में निवेश करें और राज्य की अपार संभावनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योग स्थापना के लिए आवश्यक भूमि, ऊर्जा, परिवहन, श्रमिक, कौशल विकास और सभी प्रशासनिक सहयोग देने के लिए तत्पर है।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश की केंद्र में भौगोलिक स्थिति, स्थिर सरकार, बेहतर कानून व्यवस्था और उद्योग-समर्थक नीतियां राज्य को निवेश के लिए आदर्श गंतव्य बनाती हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने वर्धमान ग्रुप के प्रमुखों के साथ उनके उत्पादन, विस्तार और भविष्य की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया। औद्योगिक प्रतिनिधियों ने मध्यप्रदेश की नीतियों की सराहना की और निकट भविष्य में निवेश पर विचार करने का आश्वासन दिया।
#मुख्यमंत्री_मोहन_यादव #उद्योग_मध्यप्रदेश #लुधियाना_उद्योग #निवेश_संभावनाएं #औद्योगिक_विकास #मध्यप्रदेश_निवेश