सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बैरसिया सिविल अस्पताल में सोनोग्राफी की सुविधा शुरू की गई है। शासन द्वारा यहां पर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.बनेहा पटेरिया की नियुक्ति की गई है। सोनोग्राफी किए जाने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय भोपाल द्वारा डॉ.पटेरिया को अनुमति जारी की गई है। अस्पताल में पिछले कुछ समय से सोनोग्राफी की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। अब इस अस्पताल में स्त्री रोगों और गर्भावस्था के दौरान की जांच हो सकेंगी।
बैरसिया विधायक विष्णु खत्री द्वारा भी अस्पताल में सोनोग्राफी सेवाएं शुरू कराने के प्रयास निरंतर किए जा रहे थे। सोनोग्राफी शुरू होने से विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को बेहतर जांच सेवाएं मिल सकेंगी। बैरसिया विकासखंड में हर साल लगभग 6 हजार गर्भवती महिलाएं पंजीकृत होती है, इनमें से लगभग 50 प्रतिशत प्रसव सिविल अस्पताल बैरसिया में होते हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ.मनीष शर्मा ने बताया कि बैरसिया विकासखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर बेहतर किया जा रहा है। इसी क्रम में यहां पर सोनोग्राफी की सुविधा प्रारंभ की गई है।

#सिविलअस्पतालबैरसिया #सोनोग्राफीसेवा #स्वास्थ्यसेवाएं #सरकारीअस्पताल #चिकित्सासुविधा #जनस्वास्थ्य #ग्रामीणस्वास्थ्य #मातृस्वास्थ्य #स्वास्थ्यजांच