सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल :फिल्म ‘धुरंधर’ रिलीज़ होने वाली है और दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है, खासकर इसलिए क्योंकि यह कहानी पाकिस्तान के बहादुर और विवादित पुलिस अधिकारी चौधरी असलम खान पर आधारित मानी जा रही है। फिल्म देखने से पहले उनके वास्तविक जीवन को जानना बेहद ज़रूरी है, क्योंकि चौधरी असलम की ज़िंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी। कराची पुलिस के इस तेज़-तर्रार अफसर ने अपने करियर में कई बड़े ऑपरेशनों का नेतृत्व किया और अपराधियों, गैंगस्टरों व आतंकियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई से सुर्खियों में रहे।
पाकिस्तानी पत्रकारों की मानें तो चौधरी असलम का व्यक्तित्व एक तरफ बेहद मजबूत और निडर था, वहीं दूसरी ओर उनकी सख्त कार्यशैली ने उन्हें कई दुश्मन भी दिए। कराची जैसे संवेदनशील शहर में उन्होंने कई बार अपनी जान जोखिम में डालकर ऑपरेशन चलाए। पत्रकारों के अनुसार, असलम खान हमेशा कहते थे—“डर सिर्फ दूसरों के लिए होता है, मेरे लिए नहीं।” उनकी दृढ़ता और साहस ने उन्हें पाकिस्तान में एक लेजेंडरी फिगर बना दिया।
उनकी लोकप्रियता के पीछे कारण था—एक्शन-पैक्ड करियर, अपराध पर लगाम कसने की क्षमता और आम जनता के लिए खड़े होने का जज़्बा। हालांकि, उनकी जिंदगी विवादों से भी भरी रही। अंततः 2014 में एक हमले में उनकी मौत ने पूरे पाकिस्तान को झकझोर दिया।
फिल्म ‘धुरंधर’ में उनकी जिंदगी के कई पहलू देखने के लिए मिलेंगे, लेकिन उनकी असली कहानी इससे भी कहीं अधिक गहरी और प्रेरणादायक है।