सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सेन्‍ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के गौरवशाली 115 वें स्थापना दिवस के न अवसर पर दिनांक 15 दिसम्‍बर से 21 दिसम्‍बर 2025 तक ‍बैंक द्वारा विविध गतिविधियों का आयोजन कर रहा है . इसी तारतम्‍य में सेन्‍ट्रल बैंक द्वारा स्‍कोप यूनिवर्सिटी भोपाल में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा हरित, स्वच्छ एवं सतत विकास की दिशा में समाज को प्रेरित करना है.
कार्यक्रम का शुभारंभ अंचल प्रमुख भोपाल धीरज गोयल द्वारा पौधारोपण कर किया गया. इसके पश्चात उप महाप्रबंधक प्रमोद मिश्रा, उप अंचल प्रमुख डी.के.पाण्‍डेय, क्षेत्रीय प्रमुख संजीव कुमार, क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल, उप क्षेत्रीय प्रमुख अश्विनी ढींगरा एवं आंचलिक कार्यालय, क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के अधिकारी, कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए छायादार,फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया. वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्साह, पर्यावरणीय चेतना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना परिलक्षित हुई.
इस अवसर पर अंचल प्रमुख धीरज गोयल, आंचलिक प्रमुख भोपाल ने कहा कि बैंक स्थापना दिवस केवल बैंक की उपलब्धियों एवं गौरवशाली परंपराओं का स्मरण नहीं है, बल्कि यह समाज एवं पर्यावरण के प्रति हमारे दायित्वों को निभाने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि वृक्ष धरती के आभूषण हैं, जो जीवन, स्वास्थ्य एवं संतुलित पर्यावरण का आधार हैं. वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक है, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
कार्यक्रम के दौरान यह भी उल्लेख किया गया कि सेन्‍ट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा समय-समय पर स्वच्छता अभियान, वित्तीय साक्षरता, सामाजिक जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं. वृक्षारोपण कार्यक्रम उसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है.
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया. सेन्‍ट्रल बैंक ने यह भी संकल्प व्यक्त किया कि भविष्य में अधिकाधिक हरित पहलों को अपनाते हुए समाज के सर्वांगीण विकास में निरंतर योगदान देता रहेगा.

#सेंट्रलबैंकऑफइंडिया #स्थापनादिवस #वृक्षारोपण #पर्यावरणसंरक्षण #हरितभारत #सामाजिकजिम्मेदारी