सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :   कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने ऐलान किया है कि उनकी सरकार फिलिस्तीन को एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र के रूप में मान्यता देगी। यह ऐतिहासिक घोषणा सितंबर 2025 में होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के दौरान औपचारिक रूप से की जाएगी। इस कदम के साथ कनाडा, फ्रांस और ब्रिटेन के बाद G7 का तीसरा देश बन जाएगा जो हाल ही में फिलिस्तीन को मान्यता दे चुका है।

कार्नी ने स्पष्ट किया कि मान्यता कुछ शर्तों के साथ दी जाएगी—2026 तक चुनाव कराना होगा, जिसमें हमास की कोई भूमिका नहीं होगी, और फिलिस्तीनी राज्य को डिमिलिटराइज्ड ज़ोन घोषित किया जाएगा। कार्नी ने यह भी बताया कि फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने इन शर्तों को स्वीकार कर लिया है।

गाजा में मानवीय संकट को देखते हुए कनाडा ने फिलिस्तीनी अथॉरिटी को 63 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और 190 करोड़ रुपये की मानवीय मदद देने का वादा किया है। वहीं, इजराइल ने इस कदम की निंदा करते हुए इसे आतंकवादियों को इनाम देने जैसा बताया है।

कनाडा की विपक्षी कंजरवेटिव पार्टी और इजराइली राजदूत ने इस निर्णय की आलोचना की है। हालांकि, हाल ही में 200 से अधिक कनाडाई पूर्व राजदूतों और राजनयिकों ने सरकार से फिलिस्तीन को मान्यता देने की मांग की थी।

फ्रांस और ब्रिटेन पहले ही इस दिशा में कदम बढ़ा चुके हैं। ब्रिटेन ने सीजफायर को शर्त बनाया है, जबकि फ्रांस ने बिना शर्त मान्यता देने की बात कही है।

#कनाडा #फिलिस्तीन #अंतरराष्ट्रीयसमाचार #UNGA #इजराइल_फिलिस्तीन #मार्ककार्नी #विदेशनीति