सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :    ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और कोच बॉब सिम्पसन का 89 साल की उम्र में सिडनी में निधन हो गया। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 16 अगस्त 2025 को उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि की। सिम्पसन न केवल एक शानदार बल्लेबाज और बेहतरीन स्लिप फील्डर थे, बल्कि कोच के रूप में उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया।

सिम्पसन ने 1957 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया और 1978 तक खेलते रहे। उन्होंने कुल 62 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 4,869 रन बनाए और 10 शतक जड़े। उनका सर्वोच्च स्कोर इंग्लैंड के खिलाफ 311 रन रहा। स्लिप फील्डिंग में उनका जलवा था और उन्होंने कुल 110 कैच पकड़े।

39 टेस्ट मैचों में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करते हुए उन्होंने 12 मैच जीते, 12 हारे और 15 ड्रॉ रहे। उन्होंने 1986 में ऑस्ट्रेलिया के पहले फुल-टाइम कोच के रूप में कार्यभार संभाला और 1996 तक इस पद पर रहते हुए टीम को कई महत्वपूर्ण जीत दिलाई। उनके कोचिंग काल में ऑस्ट्रेलिया ने 1987 का वर्ल्ड कप, 1989 में एशेज और 1995 में वेस्टइंडीज को हराया।

सिम्पसन को 1965 में विजडन क्रिकेटर ऑफ द ईयर, 1985 में स्पोर्ट ऑस्ट्रेलिया हॉल ऑफ फेम और 2013 में ICC क्रिकेट हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चेयरमैन माइक बेयर्ड ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

#बॉबसिम्पसन #ऑस्ट्रेलियाक्रिकेट #क्रिकेटकप्तान #क्रिकेटकोच #ICCहॉलऑफफेम #विजडनक्रिकेटर #खेलसमाचार