सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :   पाकिस्तान भारत के खिलाफ लगातार युद्ध की धमकियां दे रहा है। पाक आर्मी चीफ असीम मुनीर के बाद अब पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के अध्यक्ष और पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने भी आक्रामक बयान दिया है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और सिंधु जल समझौते को लेकर भारत को चेतावनी दी है।

भुट्टो ने कहा कि अगर भारत सिंधु जल समझौते को रद्द करता है तो पाकिस्तान के पास युद्ध के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा। उन्होंने पाकिस्तान की जनता को भड़काते हुए कहा कि युद्ध लड़कर सभी छह नदियों का पानी फिर से हासिल किया जाएगा।

अपने भाषण में बिलावल भुट्टो ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए माना कि इस अभियान में भारत ने पाकिस्तान को बड़ा नुकसान पहुंचाया था। उन्होंने कहा, “हमने युद्ध शुरू नहीं किया था, लेकिन अगर भारत ने फिर हमला किया तो पाकिस्तान के हर राज्य के लोग युद्ध के लिए तैयार हैं और भारत यह युद्ध हार जाएगा।”

इससे पहले, असीम मुनीर ने भी परमाणु हमले की धमकी देते हुए कहा था कि अगर भारत सिंधु नदी पर बांध बनाएगा तो पाकिस्तान उस पर 10 मिसाइलें गिरा देगा। उनका कहना था कि सिंधु नदी भारतीयों की पारिवारिक संपत्ति नहीं है।

भारत की ओर से इन धमकियों पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन पाकिस्तान के नेताओं की यह बयानबाजी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन चुकी है।

#बिलावलभुट्टो #असीममुनीर #भारतपाकिस्तानतनाव #सिंधुजलसमझौता #ऑपरेशनसिंदूर