सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल स्थित आईसीएआर –केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान में अपने विदिशा संसदीय क्षेत्र के बुधनी विधानसभा के किसानों से संवाद किया और उन्हें कृषि उपकरण व इनपुट किट वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने नवरात्र के पावन पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू किए गए नए जीएसटी सुधार का लाभ आमजन और किसानों दोनों को सीधे मिलेगा। उन्होंने बताया कि रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं पर अब जीएसटी शून्य प्रतिशत हो गया है, जबकि कृषि संबंधी उपकरणों पर 18 और 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे किसानों को बड़े पैमाने पर बचत होगी। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि 35 हॉर्सपावर ट्रैक्टर पर 43 हजार रुपये की बचत होगी।


कृषि मंत्री ने आईसीएआर-कृषि अभियांत्रिकी संस्थान की नई मशीनों की भी सराहना की। बैटरी संचालित स्प्रेयर मशीन और सब्ज़ियों की रोपाई मशीन के माध्यम से किसानों का कार्य आसान होगा और उत्पादकता बढ़ेगी। उन्होंने किसानों को इंटीग्रेटेड फार्मिंग अपनाने की सलाह दी, जिसमें खेती के साथ पशुपालन, मधुमक्खी पालन, मुर्गी पालन और मछली पालन जैसी गतिविधियाँ जोड़कर आमदनी बढ़ाई जा सके।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों का उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। इस अवसर पर कृषि अधिकारी, संस्थान के सदस्य और क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।

#किसानसहायता #शिवराजसिंहचौहान #कृषिउपकरण #इनपुटकिट #भोपाल