सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल में 28 फरवरी 2026 तक विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत को उत्प्रेरित कर रही हैं थीम पर राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 के अंतर्गत सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद के तत्वावधान में संपन्न हो रहा है। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस प्रतिवर्ष 28 फरवरी को सी वी रमन द्वारा खोजे गए रमन प्रभाव की स्मृति में मनाया जाता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ आकर्षक सनस्पॉट्स के सुरक्षित दूरबीन अवलोकन एवं आकाश अवलोकन कार्यक्रम से हुआ। साथ ही विभिन्न प्रकार के ईंधनों से संबंधित प्रदर्शन शो आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विज्ञान के व्यावहारिक पक्ष को समझा।
हमारे आसपास का विज्ञान विषय पर कार्यशाला एवं प्रदर्शन का आयोजन किया गया। अवसर पर शिक्षकों के लिए शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत उन्हें विज्ञान कक्षा को रोचक और मनोरंजक बनाने के सहज एवं सरल उपायों से अवगत कराया गया। साथ ही विशेष आकाश अवलोकन कार्यक्रम एवं गाइडेड विज्ञान दीर्घा दर्शन भी आयोजित किया गया। साबुन बुलबुला कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में विद्यार्थियों को साबुन के बुलबुलों के माध्यम से सतही तनाव, प्रकाश का व्यतिकरण, रंगों का निर्माण तथा न्यूनतम सतह जैसे वैज्ञानिक सिद्धांतों को प्रयोगात्मक एवं रोचक तरीके से समझाया गया। प्रतिभागियों ने स्वयं प्रयोग करते हुए विज्ञान एवं रचनात्मकता का समन्वित अनुभव प्राप्त किया।
आगामी दिनों में 25 फरवरी को सक्रिय पदार्थ: जब कण जीवंत हो उठते हैं विषय पर सर सी. वी. रमन स्मृति व्याख्यान आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्निग्धा ठाकुर , प्राध्यापक, भौतिकी विभागभारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, भोपाल प्रतिभागियों को समकालीन भौतिकी एवं अंतर्विषयक विज्ञान के नवीन आयामों से परिचित कराएंगी। इसके अतिरिक्त “विज्ञान बनाम चमत्कार”, “रासायनिक कौतूहल”, “निम्न तापमान पर पदार्थ (द्रव नाइट्रोजन आधारित प्रदर्शन)” एवं निम्न दाब पर नवीन प्रयोगों का शुभारंभ जैसे प्रदर्शन शो भी आयोजित किए जाएंगे। सप्ताहव्यापी इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा एवं नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य है।

#भोपालविज्ञानकेंद्र #राष्ट्रीयविज्ञानदिवस #भापकार्यशाला #STEMशिक्षा #विज्ञानशिक्षा #छात्रविकास #प्रयोगात्मकशिक्षा