सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल में विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत को उत्प्रेरित कर रही हैं थीम पर राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 के अंतर्गत सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों की भव्य एवं सुव्यवस्थित श्रृंखला आयोजित की गई। यह समस्त आयोजन राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद के तत्वावधान में संपन्न हुआ। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस को सी वी रमन द्वारा प्रतिपादित रमन प्रभाव की स्मृति में मनाया जाता है। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर निम्न दाब पर प्रयोग विषयक विशेष वैज्ञानिक प्रदर्शन का अत्यंत सफल, प्रभावोत्पादक एवं जन-मन-मोहक आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत वायुदाब में कृत्रिम रूप से कमी उत्पन्न कर विविध पदार्थों एवं द्रवों के व्यवहार, उबाल बिंदु में परिवर्तन, ध्वनि संचार की सीमा तथा वायु के अभाव में होने वाले भौतिक परिवर्तनों का सजीव एवं प्रायोगिक निरूपण किया गया। अत्यल्प दाब की परिस्थितियों में द्रवों के शीघ्र वाष्पीकरण, गुब्बारों के प्रसार, तथा ध्वनि तरंगों के लोप जैसे प्रयोगों ने उपस्थित दर्शकों को विज्ञान के सूक्ष्म सिद्धांतों की अनुभूति प्रत्यक्ष रूप में कराई। इन प्रयोगों के माध्यम से वायुदाब, तापमान, अणुगत ऊर्जा एवं अवस्था परिवर्तन संबंधी जटिल वैज्ञानिक अवधारणाओं का सरलीकृत किन्तु प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सामान्य नागरिकों ने उत्साह, जिज्ञासा एवं वैज्ञानिक अभिरुचि के साथ सहभागिता की। दर्शकों ने कार्यक्रम की प्रयोगप्रधान संरचना एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुति की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा इसे अत्यंत रोचक, शिक्षाप्रद एवं प्रेरणास्पद बताया। समस्त उपस्थित जनसमूह ने वैज्ञानिक प्रदर्शनों का आनंद लेते हुए विज्ञान के प्रति अपनी जिज्ञासा एवं अनुराग को अभिव्यक्त किया। इस प्रकार राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों का सफल, गरिमामय एवं प्रेरणादायी समापन हुआ। आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल द्वारा संपादित यह समग्र आयोजन वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तर्कशीलता, अनुसंधान-भावना एवं नवोन्मेषी चिंतन को समाज में सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक एवं प्रशंसनीय पहल सिद्ध हुआ है।

#आंचलिकविज्ञानकेंद्र #भोपाल #विज्ञानप्रयोग #शिक्षा #प्रायोगिकविज्ञान #वैज्ञानिकजागरूकता