सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मण्डल में रेल प्रबंधक पंकज त्यागी की अध्यक्षता में कंट्रोल ऑफिस स्थित आपदा प्रबंधन कक्ष में एक महत्वपूर्ण सेवा संकल्प बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा नए प्रधानमंत्री कार्यालय सेवा तीर्थ में अपनाए गए सेवा संकल्प प्रस्ताव के क्रियान्वयन एवं उसके दूरदर्शी विजन पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक के दौरान विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को केंद्र में रखते हुए राष्ट्र को आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं सशक्त बनाने के संकल्प पर बल दिया गया। साथ ही डिजिटल इंडिया सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं तकनीकी सुधारों के माध्यम से कार्य दक्षता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। मण्डल रेल प्रबंधक ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय रेल राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है तथा सेवा संकल्प के अनुरूप प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को जनसेवा की भावना से कार्य करना चाहिए। उन्होंने डिजिटल तकनीकों के अधिकतम उपयोग, समयबद्ध निष्पादन, यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा सुरक्षा मानकों के सतत उन्नयन पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर अपर मण्डल रेल प्रबंधक राम खरे व योगेन्द्र बघेल सहित समस्त शाखा अधिकारीगण एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा संगठनात्मक उत्कृष्टता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प व्यक्त किया।

#भोपालरेलमंडल#सेवासंकल्पबैठक#भारतीयरेल#रेलप्रशासन#यात्रीसुविधा#रेलसुरक्षा#मध्यप्रदेशसमाचार#हिंदीसमाचार