सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चौक बाजार में जीएसटी दरों में कटौती को लेकर आयोजित ‘बचत उत्सव’ कार्यक्रम में व्यापारियों और आमजन से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना जल्द ही साकार होगा और इसके लिए देश के हर नागरिक को सहयोगी बनना होगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू किए गए नए जीएसटी सुधार को देशवासियों के लिए दीपावली की सौगात बताया।


मुख्यमंत्री ने बाजार में पैदल भ्रमण करते हुए दुकानों में जीएसटी बचत उत्सव के स्टीकर्स चिपकाए और व्यापारियों तथा ग्राहकों से आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने कहा कि नई जीएसटी दरें आमजन और व्यापारियों दोनों को सीधे लाभ देंगी। दैनिक आवश्यक वस्तुओं पर अब जीएसटी शून्य प्रतिशत है, जबकि कृषि व अन्य आवश्यक वस्तुओं पर 5 प्रतिशत और विलासितापूर्ण वस्तुओं पर 18 प्रतिशत ही लगेगी।


डॉ. यादव ने व्यापारियों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने का आग्रह किया और कहा कि इससे आत्मनिर्भर भारत का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने चौक बाजार के प्रमुख प्रतिष्ठानों जैसे विजयवर्गीय ज्वेलर्स, जानकी साड़ी हाउस, सत्यम फैब्रिक्स आदि का दौरा किया और ऑनलाइन डिजिटल पेमेंट का संदेश भी साझा किया।


कार्यक्रम में भोपाल सांसद आलोक शर्मा, दक्षिण-पश्चिम विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, समाजसेवी और विभिन्न व्यापारिक एवं सामाजिक संगठन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कर्फ्यू वाली माता मंदिर में घट स्थापना एवं कन्या पूजन कर आशीर्वाद भी लिया।
इस अवसर पर उन्होंने सभी व्यापारियों और आमजन से जीएसटी कटौती के लाभ का प्रचार-प्रसार कर जन-जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

#जीएसटीबचतउत्सव #डॉमोहनयादव #भोपाल #स्वदेशी #व्यापार