सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिव्यांग गुरदीप कौर वासु को मध्यप्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुशील मंडेरिया ने पुष्पगुच्छ, शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया। साथ ही यह भी कहा कि अगर वह आगे की शिक्षा भोज विश्वविद्यालय से ग्रहण करेंगी तो उन्हें पूरी शिक्षा विश्वविद्यालय मुफ्त में प्रदान करेगा।
दिव्यांग गुरदीप कौर मूक, बधिर एवं दृष्टिहीन दिव्यांग हैं। साथ ही वे इस श्रेणी में भारत की पहली दिव्यांग महिला हैं, जिन्होंने वाणिज्य कर विभाग में सरकारी नौकरी हासिल की है।
गुरदीप कौर ने विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने बीएड विशेष शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों के साथ अपनी सांकेतिक भाषा में संवाद किया। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक मीडिया निर्माण एवं शोध केंद्र में वीडियो साक्षात्कार कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं।
इस मौके पर गुरदीप कौर की माताजी मंजीत कौर ने बताया कि, उनकी बेटी सुनने, बोलने एवं देखने में अक्षम होने बाद भी अपनी लगन एवं दृढ़ इच्छा शक्ति से सरकारी नौकरी हासिल की है।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव मंडेरिया ने गुरदीप कौर वासु को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। इस मौके पर गुरदीप कौर की मेंटर मोनिका पुरोहित, आनंद सर्विस सोसाइटी, इंदौर के सचिव ज्ञानेंद्र पुरोहित, विशेष शिक्षा विभाग के निदेशक हेमंत केसवाल एवं ईएमपीआरसी के निदेशक नरेंद्र त्रिपाठी उपस्थित रहे।

#भोजविश्वविद्यालय, #दिव्यांगसम्मान, #गुरदीपकौर, #प्रेरणास्रोत, #समावेशीताशिक्षा