सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : डिजिटल युग में जहाँ अवसरों की असीम संभावनाएँ हैं, वहीं साइबर अपराधों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। इसी महत्वपूर्ण आवश्यकता को समझते हुए भाभा विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन विभाग द्वारा साइबर जागरूकता एवं करियर मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें डिजिटल क्षेत्र में उभरते हुए करियर अवसरों से परिचित कराना था।


कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राहुल गोस्वामी, संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, फ्लंकस्टर प्राइवेट लिमिटेड रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को सरल और प्रभावी ढंग से समझाया कि डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग कैसे करें, साइबर अपराध किन-किन रूपों में सामने आते हैं तथा उनसे बचाव के क्या उपाय हैं। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित वीडियो उपकरणों एवं अन्य आधुनिक डिजिटल साधनों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को तकनीक की वास्तविक उपयोगिता से अवगत कराया।
विशेष रूप से छात्राओं की ऑनलाइन सुरक्षा से संबंधित आवश्यक सावधानियों पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त डिजिटल विपणन एवं साइबर सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में करियर निर्माण हेतु स्पष्ट मार्गदर्शन प्रदान किया गया तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण और कौशल विकास के महत्व पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग के अधिष्ठाता अशोक कुमार झाला, विभागाध्यक्ष सुरेश गावंडे एवं शेर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यशाला का संचालन द्वितीय वर्ष के छात्र अक्षत सोनी एवं साक्षी तिवारी द्वारा किया गया। सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और इसे अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।
इस अवसर पर दिलीप कुमार डे, अधिकारी प्रसाद पिल्लई, वाइस चांसलर एन. के. अग्रवाल, भारती सतानकार तथा श्याम पाटकर ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
भाभा विश्वविद्यालय निरंतर ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक कौशल, डिजिटल आत्मविश्वास और सुरक्षित भविष्य की दिशा प्रदान कर रहा है। यह विश्वविद्यालय युवाओं तथा अनुभवी नागरिकों दोनों के लिए शिक्षा और कौशल विकास का विश्वसनीय केंद्र बनकर उभर रहा है।

#भारत #ताज़ाखबर #आजकीखबर #नईअपडेट #टेकसमाचार #छात्रजीवन #जागरूकता