सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल के विधि शिक्षण एवं शोध विभाग द्वारा मंथन यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम का आयोजन 21–22 फरवरी 2026 को विश्वविद्यालय में किया जा रहा है।
प्रो. मोना पुरोहित द्वारा बताया गया कि यह कार्यक्रम दिनांक 21 फरवरी 2026 को प्रातः 10:00 बजे क्षिप्रा भवन, कुलपति कार्यालय परिसर, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक दायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित करना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर उपस्थित रहेंगे। विशेष अतिथि के रूप में विनय कुमार सिंह (डायरेक्टर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दिल्ली) कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
इसके अतिरिक्त विशिष्ट अतिथियों में मनोरंजन मिश्रा (मोर्चा प्रभारी, मध्य प्रदेश भाजपा) एवं शैलेंद्र प्रताप सिंह (पूर्व सचिव, न्यू दिल्ली बार एसोसिएशन) शामिल रहेंगे।
दो दिवसीय इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा संसदीय कार्यवाही का प्रतिरूप प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें प्रश्नकाल, शून्यकाल एवं विधेयक चर्चा जैसी प्रक्रियाओं में प्रतियोगिता होगी। विशेषज्ञ अतिथियों द्वारा संसदीय प्रणाली की कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रिया एवं युवा नेतृत्व की भूमिका पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। भारत वर्ष से 167 विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता के लिए पंजीयन किया है। वह सभी इस कार्यक्रम के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस में मॉडल संसद का आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवा प्रतिभागी विभिन्न संसदीय समितियों का गठन कर अपने-अपने एजेंडा पर विचार-विमर्श एवं बहस करेंगे। इस सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों को विधेयक प्रस्तुतीकरण, चर्चा, संशोधन एवं मतदान की संसदीय प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा।
आयोजक विधि शिक्षण एवं शोध विभाग, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल के इस कार्यक्रम में भारत के कई विद्यार्थियों ने सहभागिता की है। यह आयोजन युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति संवेदनशील एवं उत्तरदायी नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

#भोपाल#मध्यप्रदेश#युवाशक्ति#युवासंसद#लोकतंत्र#शिक्षा#विश्वविद्यालय#छात्रजीवन#नेतृत्व#प्रेरणा#ताज़ाखबर#आजकीखबर#भारत