सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल के छात्र कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित अंतर विभागीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के वार्षिकोत्सव, पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के आगमन उपरांत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। स्वागत भाषण एवं वार्षिकोत्सव की संकल्पना प्रो. अंशुजा तिवारी, सांस्कृतिक समन्वयक द्वारा प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात वार्षिकोत्सव का प्रतिवेदन प्रो. पवन मिश्रा, प्रॉक्टर एवं अधिष्ठाता, छात्र कल्याण द्वारा प्रस्तुत किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि हरिनारायण चारी मिश्रा, पुलिस कमिश्नर, जिला-भोपाल ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियाँ युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन एवं सामाजिक चेतना को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. एस. के. जैन, कुलगुरु, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने विश्वविद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया तथा आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
इसके पश्चात विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। विजेता प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में स्मृति चिन्ह भेंट किया गया तथा डॉ. अचेलाल, विभागाध्यक्ष, तुलनात्मक भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।