सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल में विश्वविद्यालय के प्रथम वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंग बिखरे नजर आए। कार्यक्रम का आयोजन छात्र कल्याण विभाग द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ईला तिवारी रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति सुरेश कुमार जैन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. पवन मिश्रा (डीन) एवं प्रो. अंशुजा तिवारी (सांस्कृतिक समन्वयक) मंचासीन रहीं।
मुख्य अतिथि एला तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चेतना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।


कुलपति सुरेश कुमार जैन ने कहा कि विश्वविद्यालय का यह पहला वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रतिभा को मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि संस्कृति से जुड़ाव व्यक्तित्व निर्माण में सहायक होता है।
प्रो. पवन मिश्रा ने कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि यह विश्वविद्यालय का पहला वार्षिक उत्सव है, जिसमें विभिन्न अंतर-विभागीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं। पहले दिन नृत्य, गायन, मिमिक्री, पोस्टर मेकिंग, चित्रकला आदि प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई, जिनमें विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


प्रो. अंशुजा तिवारी, सांस्कृतिक समन्वयक ने बताया कि उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाना तथा उन्हें सृजनात्मक अभिव्यक्ति का अवसर प्रदान करना है। आने वाले दिनों में लघु फिल्म प्रतियोगिता, फूड स्टॉल, आनंद महोत्सव एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी।
पहले दिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन अधिष्ठाता छात्र कल्याण विभाग द्वारा सफलतापूर्वक किया गया।

#बरकतउल्लाविश्वविद्यालय #सांस्कृतिकउत्सव #वार्षिकोत्सव #छात्रप्रतिभा #कला