सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / बनारस : बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने आज अपने गौरवशाली सफर में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की, जब महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने 2500वें विद्युत रेल इंजन को राष्ट्र को समर्पित किया। बरेका परिसर में आयोजित समारोह में महिला कर्मचारियों की भागीदारी ने इसे और भी विशेष बना दिया, जो महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बना।
इस अवसर पर नेशनल प्रेस पार्टी के 44 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने कार्यकारी निदेशक (सूचना एवं प्रचार) दिलीप कुमार के नेतृत्व में बरेका का दौरा किया। ‘हॉल ऑफ फेम’ में बरेका की उपलब्धियों, निर्यात, स्वदेशी निर्माण और हरित ऊर्जा पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी गई। प्रतिनिधियों ने अत्याधुनिक कार्यशालाओं का दौरा कर निर्माण प्रक्रिया को देखा।
2017 में केवल दो इंजनों से शुरू होकर आज 2500वें विद्युत इंजन तक पहुँचना बरेका की क्षमता, प्रतिबद्धता और नवाचार का प्रमाण है। अब तक बरेका द्वारा कुल 10,822 इंजन बनाए जा चुके हैं।
2500वां इंजन, वैप -7 श्रेणी का है, जो 6000 HP क्षमता, वातानुकूलित कैब और रीजेनेरेटिव ब्रेकिंग जैसी आधुनिक तकनीकों से युक्त है। इसे दक्षिण पश्चिम रेलवे, कृष्णराजपुरम शेड को भेजा गया है।
बरेका की यह उपलब्धि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है और भारत की वैश्विक तकनीकी पहचान को भी सुदृढ़ करती है।
#बरेका #रेलइंजन #भारतीयरेलवे #इलेक्ट्रिकलइंजन #मेकइनइंडिया #रेलविकास