सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :  बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए दर्दनाक प्लेन क्रैश के बाद अंतरिम सरकार के चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस ने रविवार को भारत, चीन और सिंगापुर से आए डॉक्टरों की टीमों से मुलाकात की। यह मुलाकात स्टेट गेस्ट हाउस जमुना में हुई, जहां यूनुस ने चिकित्सा सहायता देने वाली 21 डॉक्टरों और नर्सों की टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “आप न केवल स्किल्स लेकर आए, बल्कि अपना दिल भी साथ लाए हैं।”

21 जुलाई को ढाका में वायुसेना का ट्रेनर फाइटर जेट F-7BGI माइलस्टोन स्कूल पर क्रैश हो गया था, जिसमें 31 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 28 छात्र, 2 स्कूल स्टाफ और एक पायलट शामिल थे। हादसे में 165 लोग घायल हुए, जिनमें से 78 की हालत गंभीर है। पायलट फ्लाइट लेफ्टिनेंट मोहम्मद तौकीर इस्लाम की भी मौत हो गई।

भारत ने तुरंत सहायता भेजते हुए एक मेडिकल टीम के साथ विशेष चिकित्सा उपकरण भी भेजे। भारतीय डॉक्टरों की टीम ढाका के राष्ट्रीय बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी संस्थान में घायलों का इलाज कर रही है।

चीनी निर्मित F-7BGI फाइटर जेट, जिसे 2011 में बांग्लादेश एयरफोर्स में शामिल किया गया था, के तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ। बांग्लादेशी सेना ने बताया कि पायलट ने विमान को आबादी से दूर ले जाने की कोशिश की, लेकिन वह स्कूल से टकरा गया।

यह हादसा देश के लिए अत्यंत पीड़ादायक है, जिस पर दुनियाभर के नेताओं ने शोक जताया है।

#बांग्लादेश_प्लेन_क्रैश #यूनुस #भारतीय_डॉक्टर #ढाका_हादसा #F7BGI #माइलस्टोन_स्कूल #बांग्लादेश_वायुसेना