सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बांग्लादेश के कुमिला जिले में एक हिंदू महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद देशभर में जबरदस्त आक्रोश फैल गया है। यह मामला सामने आने के बाद अल्पसंख्यक समुदाय सड़कों पर उतर आया और न्याय की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कुमिला जिले के पुलिस अधिकारी नजीर अहमद खान ने बताया कि ढाका के सैयदाबाद क्षेत्र में छापेमारी कर मुख्य आरोपी को पकड़ा गया। इसके साथ ही गैंगरेप का वीडियो वायरल करने वाले आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है। इस घटना को लेकर देश की सर्वोच्च न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने और पीड़िता को तत्काल सुरक्षा देने का आदेश दिया है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर सरकार लगातार विफल रही है। वे दोषियों को सख्त सजा और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। ढाका, चिटगांव, रंगपुर और कई अन्य शहरों में अल्पसंख्यक संगठनों ने बड़े पैमाने पर रैलियां और मोमबत्ती मार्च निकाले।
यह घटना बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ लगातार हो रहे उत्पीड़न की ताजा कड़ी मानी जा रही है। देश में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सरकार पर दबाव बढ़ता जा रहा है कि वह ऐसे मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करे।
#बांग्लादेश, #हिंदूमहिला, #गैंगरेप, #अल्पसंख्यक, #धरना, #न्यायकीमांग, #सोशलमीडिया, #पुलिसकार्रवाई