सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :   बांग्लादेश सरकार चीन से 20 J-10CE फाइटर जेट खरीदने की योजना बना रही है। इस सौदे की कुल लागत लगभग 2.2 अरब अमेरिकी डॉलर यानी ₹18,500 करोड़ बताई जा रही है। भुगतान 10 वित्तीय वर्षों में किस्तों में किया जाएगा, जिससे यह परियोजना 2036 तक पूरी होगी।

इस सौदे में विमान प्रशिक्षण, रखरखाव और तकनीकी सेवाएं भी शामिल होंगी। J-10CE विमान 4.5 पीढ़ी की तकनीक, एईएसए रडार, पीएल-15ई मिसाइल और उन्नत डेटा लिंक से लैस होंगे। इसके साथ ही बांग्लादेश चीन और पाकिस्तान के बाद यह आधुनिक पीढ़ी के फाइटर जेट रखने वाला तीसरा देश बन जाएगा।

बांग्लादेश वायुसेना अपने फोर्स गोल-2030 के तहत आधुनिक वायुसेना बेड़ा तैयार कर रही है। वर्तमान में बांग्लादेश वायुसेना के पास 212 विमान हैं, जिनमें 44 लड़ाकू विमान शामिल हैं। J-10CE की खरीद से उसकी युद्धक क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।

इससे पहले एयर चीफ मार्शल हसन महमूद खान ने तुर्किये और इटली की यात्रा कर उन्नत रडार, निगरानी और एंटी-मिसाइल तकनीक के संभावित सौदे पर विचार किया था। विशेषज्ञों का मानना है कि चीन अभी भी बांग्लादेश के लिए प्रमुख लड़ाकू विमानों का आपूर्तिकर्ता बना हुआ है।

यह सौदा दक्षिण एशिया में रक्षा संतुलन और बांग्लादेश की वायु सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

#बांग्लादेश_वायुसेना #J10CE #फाइटरजेट #चीन_सौदा #डिफेंस