सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जल संरचनाओं के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से जल गंगा संवर्धन अभियान जिले में 19 मार्च से शुरू किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से जल संरक्षण को प्रभावी एवं परिणाममुखी बनाना है। अभियान के अंतर्गत पुरानी जल संरचनाओं जैसे बावड़ियों, तालाबों और रिचार्ज पिट का जीर्णोद्धार एवं मरम्मत की जाएगी। साथ ही रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिले की जीवनदायिनी नदियों, जैसे बाह्य और कोलांस, तथा अन्य बड़े जल स्त्रोतों के संवर्धन एवं जीर्णोद्धार के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाएगी। यह निर्देश कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने आयोजित समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से किए जाएं। शासकीय कार्यालयों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किए जाएं और पुरानी बावड़ियों को मरम्मत कर पुनः उपयोग में लाया जाए। अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और आम जनता को जोड़कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने ग्रीष्म ऋतु में पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने और ग्रामीण क्षेत्रों में जल समस्या मिलने पर तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने जिले में एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की और महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य तथा शिक्षा विभाग को संयुक्त शिविर आयोजित कर सभी 14 वर्षीय बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अभिभावकों को जागरूक करते हुए सहमति के आधार पर टीकाकरण कराया जाएगा। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में कलेक्टर ने लंबित शिकायतों का शीघ्र निवारण सुनिश्चित करने, संकल्प से समाधान अभियान के तहत क्लस्टर स्तरीय शिविरों में प्राप्त शिकायतों को समयबद्ध तरीके से निपटाने तथा पंजीकृत किसानों का सत्यापन समय पर करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर, एसडीएम और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस अभियान से जिले में जल संरक्षण की दिशा में एक नई शुरुआत होगी और जल संसाधनों का सतत उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
#बैरसिया #बाह्यनदी #जलगंगासंवर्धन #नदीसंरक्षण #जलसंरक्षणअभियान #रेनवॉटरहार्वेस्टिंग #तालाबमरम्मत #स्वच्छताअभियान #पर्यावरणजागरूकता #स्थानीयसहभागिता