सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  : टाइगर श्रॉफ की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बागी 4’ 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ‘द बंगाल फाइल्स’ से टकरा रही है। रिलीज से पहले जहां टीज़र ने दर्शकों को खास प्रभावित नहीं किया था, वहीं ट्रेलर ने लोगों की उम्मीदें बढ़ा दी थीं। अब पहले शो के बाद दर्शकों का फैसला भी सामने आ गया है।

सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाओं से साफ है कि फिल्म को मिले-जुले रिव्यू मिल रहे हैं। एक तरफ जहां टाइगर श्रॉफ के जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस और स्टंट्स को सराहा जा रहा है, वहीं फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले पर सवाल उठाए जा रहे हैं। लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर एक्शन अवतार में लौटे टाइगर ने अपने फैन्स को निराश नहीं किया है।

फिल्म में संजय दत्त का खलनायक वाला किरदार भी काफी चर्चा में है। उनकी और टाइगर की टकराहट दर्शकों को लुभा रही है। कई दर्शकों ने फिल्म को ‘एनिमल से भी ज्यादा दमदार एक्शन’ वाली करार दिया है, तो कुछ इसे सामान्य मसाला एंटरटेनर बता रहे हैं।

फिल्म समीक्षकों का मानना है कि ‘बागी 4’ का सबसे बड़ा आकर्षण एक्शन और टाइगर की परफॉर्मेंस है, लेकिन कमजोर स्क्रिप्ट इसकी कमी पूरी तरह छिपा नहीं पाई। अब देखना होगा कि शुरुआती चर्चा और पब्लिक रिस्पॉन्स के दम पर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा बिजनेस करती है।

#Baaghi4Review #टाइगरश्रॉफ #संजयदत्त #बॉलीवुडफिल्म #BaaghiFranchise