सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल :  ऑस्ट्रेलिया की 50 वर्षीय एरिन पैटरसन को अपनी सास गेल, ससुर डोनाल्ड और सास की बहन हीथर की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया है। यह मामला जुलाई 2023 का है, जब एरिन ने अपने घर में पारिवारिक लंच आयोजित किया था। उसने खाना बनाकर सास-ससुर और रिश्तेदारों को परोसा, जिसके बाद चारों मेहमानों की तबीयत बिगड़ गई। जांच में सामने आया कि खाने में ज़हरीले डेथ कैप मशरूम मिले थे।

इस लंच में शामिल हुए चार लोगों में से तीन की मौत हो गई, जबकि हीथर के पति इयान विल्किंसन गंभीर हालत में बचे। पुलिस ने नवंबर 2023 में एरिन को गिरफ्तार किया। कोर्ट में चली 10 हफ्तों की सुनवाई के दौरान यह साबित हुआ कि एरिन ने मशरूम जानबूझकर मिलाए थे। उसने मशरूम की लोकेशन वेबसाइट से पता कर जंगल से इकट्ठा किए थे।

हालांकि, एरिन ने इसे हादसा बताया और कहा कि उसने खुद भी वही खाना खाया था। लेकिन पुलिस को उसके घर के पास कचरे से एक फूड डिहाइड्रेटर मिला, जिसमें ज़हरीले मशरूम के अवशेष थे। कोर्ट ने एरिन को तीन हत्याओं और एक हत्या के प्रयास का दोषी पाया है। उसे अब उम्रकैद की सजा सुनाई जा सकती है।

डेथ कैप मशरूम बेहद ज़हरीले होते हैं और सिर्फ एक मशरूम से किसी की जान जा सकती है। इनसे किडनी और लिवर फेल हो सकता है। इस केस ने ऑस्ट्रेलिया में खाद्य सुरक्षा और पारिवारिक विवादों को लेकर बहस छेड़ दी है।

#ऑस्ट्रेलिया, #जहरीलेमशरूम, #हत्या, #महिलाहत्यारिन, #अंतरराष्ट्रीयसमाचार, #मशरूमहत्या, #क्राइमन्यूज