सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / देहरादून, : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में बढ़ते अवैध धर्मांतरण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए धर्मांतरण विरोधी कानून को और अधिक कठोर बनाने की आवश्यकता जताई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि “ऑपरेशन कालनेमी” के तहत जो खुलासे हुए हैं, वे चिंताजनक हैं और इनसे निपटने के लिए कठोर एवं ठोस कदम उठाए जाने बेहद जरूरी हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने निर्देश दिए कि धर्मांतरण की घटनाओं पर प्रभावी निगरानी के लिए पुलिस मुख्यालय स्तर पर एक विशेष जांच दल गठित किया जाएगा। यह एसआईटी प्रदेश भर में हो रहे संदिग्ध धर्मांतरण गतिविधियों की जांच करेगी और इन मामलों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान करती है, लेकिन छल, भय, लालच या धोखे से किए गए धर्मांतरण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी जिलों में ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी जाए और पीड़ितों की पहचान कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।
मुख्यमंत्री धामी की यह पहल राज्य में कानून-व्यवस्था को मज़बूत करने और सामाजिक संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। राज्य सरकार आने वाले समय में धर्मांतरण विरोधी कानून में संशोधन कर उसे और अधिक प्रभावी बनाने की योजना भी बना रही है।
#धर्मांतरणकानून #मुख्यमंत्रीधामी #उत्तराखंडसमाचार #ऑपरेशनकालनेमी #SITजांच