सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल द्वारा उन्नत दूरबीनों के माध्यम से विशेष चंद्र अवलोकन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विज्ञान प्रेमियों, विद्यार्थियों एवं आमजन में खगोल विज्ञान के प्रति जिज्ञासा एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना था। उल्लेखनीय है कि वर्तमान चंद्र ग्रहण भोपाल से प्रत्यक्ष रूप से पूर्णतः दृश्य नहीं था, क्योंकि चंद्रोदय के समय तक ग्रहण की मुख्य खगोलीय प्रक्रिया समाप्त हो चुकी थी। प्रारंभिक आकलन के अनुसार ग्रहण की झलक मिलने की संभावना अत्यंत कम थी। तथापि, जनरुचि एवं वैज्ञानिक जिज्ञासा को ध्यान में रखते हुए केन्द्र द्वारा उन्नत दूरबीनों की व्यवस्था की गई। सुखद आश्चर्य के रूप में, अपेक्षा अत्यल्प होने के बावजूद चंद्रमा की आंशिक ग्रहणावस्था की एक क्षीण किंतु स्पष्ट झलक प्रतिभागियों को देखने का अवसर प्राप्त हुआ। आंचलिक विज्ञान केन्द्र की दूरबीनों के माध्यम से ओझल होते चंद्रमा का यह क्षणिक अवलोकन उपस्थित दर्शकों के लिए अत्यंत रोमांचकारी एवं यादगार अनुभव सिद्ध हुआ। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को चंद्रमा की सतही संरचना, क्रेटर्स (गर्त), उच्चभूमि एवं मैदानी क्षेत्रों की वैज्ञानिक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही चंद्र ग्रहण की खगोलीय प्रक्रिया, पृथ्वी–चंद्र–सूर्य की स्थिति तथा ग्रहण के वैज्ञानिक कारणों का सरल, तार्किक एवं वैज्ञानिक विवरण भी प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों एवं उपस्थित दर्शकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए दूरबीन के माध्यम से चंद्रमा का अवलोकन किया तथा खगोल विज्ञान संबंधी अनेक जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि वैज्ञानिक घटनाओं को समझने के लिए प्रत्यक्ष अवलोकन एवं तार्किक दृष्टिकोण अत्यंत आवश्यक है। आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में वैज्ञानिक चेतना, तर्कशीलता एवं अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि को सतत प्रोत्साहित किया जा रहा है।

#आंचलिकविज्ञानकेन्द्र#भोपाल#चंद्रअवलोकन#खगोलविज्ञान#विज्ञानकार्यक्रम#विज्ञानजागरूकता#ताज़ाखबर#हिंदीसमाचार