सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल :  केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के पुणे स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में वीर सेनानी श्रीमंत बाजीराव पेशवा ‘प्रथम’ की प्रतिमा का अनावरण किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे, श्री अजित पवार और केंद्रीय राज्यमंत्री श्री मुरलीधर मोहोल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अनावरण समारोह में श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “विकास भी, विरासत भी” का सूत्र देकर देश को अपनी संस्कृति और इतिहास से जोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि बाजीराव पेशवा जैसे योद्धाओं की गाथाएं हमारी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। पुणे को उन्होंने स्वराज के संस्कारों की जन्मभूमि बताया और कहा कि (एनडीए) में बाजीराव पेशवा की प्रतिमा हमारे भावी सैनिकों को देशभक्ति, समर्पण और पराक्रम की प्रेरणा देगी।

उन्होंने बताया कि पेशवा बाजीराव ने 20 वर्षों में 41 युद्ध लड़े और सभी में विजय प्राप्त की। उनके योगदान को याद करते हुए श्री शाह ने कहा कि वह न केवल कुशल सेनापति थे, बल्कि राष्ट्रनिर्माता भी थे जिन्होंने जल प्रबंधन, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष और स्वराज की भावना को जीवंत रखा।

कार्यक्रम के अंत में श्री शाह ने कहा कि बाजीराव पेशवा का जीवन हर भारतीय को मातृभूमि के लिए समर्पण, बलिदान और पुरुषार्थ की प्रेरणा देता है, और यही भारत की गौरवगाथा का आधार है।

#अमितशाह, #बाजीरावपेशवा, #पुणे, #प्रतिमा_अनावरण, #राष्ट्रीय_रक्षा_अकादमी