सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / जयपुर : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को जयपुर से लगभग 22 किलोमीटर दूर दादिया में आयोजित सहकारिता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि “राजस्थान लंबे समय से पेपर लीक माफिया से त्रस्त था, लेकिन भजनलाल शर्मा सरकार ने एसआईटी बनाकर इन पर सख्त कार्रवाई का रास्ता खोला है।”
शाह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में आतंकी घटनाएं आम हो गई थीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि “हमने पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों को तबाह किया। इससे पहले उरी और पुलवामा हमलों पर भी कड़ा एक्शन लिया गया था।”
सम्मेलन में शाह ने राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत – ऊंटों के संरक्षण पर भी बात की। उन्होंने बताया कि सरकार कोऑपरेटिव मॉडल के जरिए ऊंटों की नस्ल को संरक्षित करने और ऊंटनी के दूध पर औषधीय शोध शुरू कर चुकी है, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान शाह ने पुलिस के 100 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाई, सहकार उत्पादों की प्रदर्शनी देखी और नियुक्ति पत्र वितरित किए। खराब मौसम के चलते शाह हेलिकॉप्टर से नहीं जा सके और सड़क मार्ग से दादिया पहुंचे।
सभा में राजस्थानी लोकगीतों और रंग-बिरंगे पारंपरिक स्वागत ने माहौल को जीवंत बना दिया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उन्हें राजस्थानी साफा पहनाकर सम्मानित किया।
#अमितशाह #राजस्थान #पेपरलीक #एसआईटी #भजनलालसरकार #शिक्षा_सुधार #सख्तकार्रवाई