सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय पत्रकारिता, जनसंचार और मीडिया शिक्षण के क्षेत्र में हजारों पत्रकारों एवं मीडिया विशेषज्ञों के मार्गदर्शक रहे स्वर्गीय पुष्पेंद्र पाल सिंह पीपी सर की तृतीय पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर सेज यूनिवर्सिटी भोपाल के स्कूल ऑफ जर्नलिज़्म एंड मास कम्युनिकेशन में मीडिया एवं जनसंपर्क के विद्यार्थियों के लिए चेंजिंग लैंडस्केप ऑफ मीडिया एंड पीआर विषय पर विशेष एकेडमिक मास्टरक्लास आयोजित की गई। पीपी सर के विद्यार्थियों की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में मीडिया विशेषज्ञों ने नई तकनीकों, डिजिटल मीडिया और करियर के अवसरों पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। मास्टरक्लास में दैनिक भास्कर के एसोसिएट (एमपी-1) राजीव शर्मा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस किस तरह मीडिया को बदल रहा है विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने पत्रकारिता के कई कार्यों को आसान बनाया है और इसकी सहायता से डेटा एनालिसिस जैसे कार्य तेजी से किए जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि एआई का उपयोग करते समय सही प्रॉम्प्ट लिखने की समझ होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एआई पत्रकारों को इमेज, टेक्स्ट और फैक्ट चेक जैसे कई टूल्स प्रदान करता है, लेकिन पत्रकारिता में मानवीय समझ और जमीनी रिपोर्टिंग का महत्व हमेशा बना रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि एआई कंटेंट पर आँख बंद करके भरोसा नहीं करना चाहिए।

पत्रकारों का दायित्व है कि वे किसी भी एआई आधारित सामग्री को क्रॉस चेक, वेरीफाई और रीवेरीफाई अवश्य करें। समाज और पाठक की वास्तविक धड़कन को समझने का कार्य केवल एक संवेदनशील पत्रकार ही कर सकता है। दूसरे सत्र में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय में मीडिया कंसल्टेंट अभिषेक जैन ने सोशल मीडिया के दौर में जनसंपर्क बदलाव और कैरियर के अवसर विषय पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसिंग, स्ट्रैटजी मेकिंग, कंटेंट प्लानिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय पीपी सर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और उनके जीवन व योगदान पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्राध्यापक, पूर्व छात्र और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

#एआईकंटेंट #राजीवशर्मा #कृत्रिमबुद्धिमत्ता #तथ्यजांच #डिजिटलमीडिया #एआईतकनीक #मीडियाजिम्मेदारी #तकनीकीचर्चा #एआईचेतावनी #डिजिटलकंटेंट