सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश वन विभाग द्वारा वन विहार राष्ट्रीय उद्यान, भोपाल में राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह (1 से 7 अक्टूबर 2025) का सफल आयोजन किया गया, जिसमें संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, भोपाल की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी दिखाई। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में उनकी भूमिका को समझाना था।


सप्ताहभर चले इस कार्यक्रम में चित्रकला प्रतियोगिता, पक्षी एवं तितली अवलोकन, वाद-विवाद प्रतियोगिता, रन फॉर वाइल्डलाइफ, फेस पेंटिंग, मेहंदी एवं पाम पेंटिंग, और रंगोली प्रतियोगिता जैसी अनेक रोचक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त, एम.एससी. विद्यार्थियों के लिए वन्यजीवों के रेस्क्यू एंड मोनिटरिंग ईक्यूपमेंटस पर आधारित कार्यशाला आयोजित की गई, जिससे विद्यार्थियों को वन्यजीव बचाव एवं निगरानी से संबंधित उपकरणों की जानकारी प्राप्त हुई।


संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ सभी प्रतियोगिताओं में भाग लिया। आयशा खानम, बीसीए प्रथम वर्ष ने वाद-विवाद प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिसका विषय था “शहरीकरण और वन्यजीवों के सह-अस्तित्व की संभावना”, वहीं राजनीश कौर, एम.एससी प्रथम सेमेस्टर ने वन्यजीव थीम पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। छात्राओं की इस सक्रिय भागीदारी से उनमें वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता और पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ी।
प्राचार्या महोदया ने नेचर क्लब के सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पर्यावरणीय मुद्दों पर कक्षा से परे अनुभवात्मक शिक्षण युवाओं में सतत भविष्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है। उन्होंने ऐसे सह-पाठ्यक्रमीय आयोजनों के महत्व पर बल दिया जो शैक्षणिक ज्ञान को वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को जागरूक और उत्तरदायी नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

#वन्यजीवसप्ताह #संतरहिरदारामकॉलेज #पर्यावरणसंरक्षण #जैवविविधता #WildlifeWeek2025 #StudentParticipation